रुद्रप्रयाग में दर्दनाक सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी बोलेरो, चार लोगों की मौत, छह घायल

0
Screenshot_2026-11-17-11-02-51-13_a23b203fd3aafc6dcb84e438dda678b6.jpg

रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रहा एक बोलेरो वाहन बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (डीडीआरएफ) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी लोगों को खाई से बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन सोमवार देर रात पोखरी क्षेत्र से रांसी गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें 108 एंबुलेंस के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। सीओ रुद्रप्रयाग सहित पुलिस अधिकारियों और बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान की कमान संभाली।

दुर्घटनास्थल की विषम परिस्थितियों और गहरी खाई के चलते बचाव दलों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीमों ने रातभर अभियान चलाकर वाहन में सवार सभी 10 लोगों को बाहर निकाला। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों में दो लोगों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि चार की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर स्थित हायर सेंटर रेफर किया गया है।

मृतकों और घायलों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कुंवर सिंह (60) पुत्र बच्चन सिंह, मदन सिंह (40) पुत्र मोहन सिंह, सूरत सिंह (42) पुत्र भीम सिंह और बलवीर सिंह (70) पुत्र बिहारी सिंह के रूप में हुई है। सभी मृतक रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

घायलों में उम्मेद सिंह राणा (52) निवासी रांसी और राजेंद्र सिंह (56) निवासी रांसी शामिल हैं। वहीं, श्रीनगर हायर सेंटर रेफर किए गए घायलों में लविश राणा (25) निवासी रांसी, वंशिका (8) निवासी कांथा, उर्मिला देवी (33) निवासी चिलौंड और पूजा (34) निवासी कांथा शामिल हैं।

रातभर चला राहत एवं बचाव अभियान

हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमों ने तत्काल मोर्चा संभाला। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया। रातभर चले अभियान के दौरान सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share