उत्तर प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, सात महीने में 18.84 लाख नए वोटर जुड़े

0
Screenshot_20261117_143548.jpg

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को नई मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट वोटर लिस्ट) जारी कर दिया। इसके अनुसार प्रदेश में पिछले सात महीनों के दौरान 18.84 लाख नए मतदाता जुड़े हैं। इसके साथ ही राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13.58 करोड़ हो गई है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, नए मतदाताओं के पंजीकरण में महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ दिया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार, अप्रैल 2026 में उत्तर प्रदेश में मतदाताओं की कुल संख्या 13.39 करोड़ थी। विशेष पुनरीक्षण अभियान के बाद जारी ड्राफ्ट सूची में यह संख्या बढ़कर 13.58 करोड़ पहुंच गई है। इस दौरान कुल 18 लाख 84 हजार मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई। इनमें 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 11.83 लाख युवा मतदाता शामिल हैं। यह आंकड़ा पहली बार मतदान के लिए पात्र हुए युवाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।

जारी आंकड़ों के अनुसार, नए पंजीकरण कराने वालों में महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही। इस अवधि में करीब 10.96 लाख महिलाओं ने मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराया, जबकि पुरुषों की संख्या लगभग 7.87 लाख रही। इस तरह नए मतदाताओं के पंजीकरण में महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रूप से अधिक दर्ज की गई है।

ड्राफ्ट मतदाता सूची के मुताबिक, प्रदेश में अब पुरुष मतदाताओं की कुल संख्या 7.38 करोड़ और महिला मतदाताओं की संख्या 6.20 करोड़ हो गई है। इसके अलावा प्रदेश में लगभग 4,042 थर्ड जेंडर मतदाता भी पंजीकृत हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य का जेंडर रेशियो 840 दर्ज किया गया है।

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल जारी की गई सूची प्रारूप मतदाता सूची है। इस पर निर्धारित अवधि में दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। नाम जोड़ने, हटाने अथवा मतदाता विवरण में संशोधन से संबंधित आवेदनों का परीक्षण और निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद सभी प्रक्रियाएं पूरी होने पर आगामी 4 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

नई मतदाता सूची में बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं के नाम जुड़ने से प्रदेश के चुनावी आंकड़ों में भी बदलाव देखने को मिलेगा। हालांकि, अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद ही मतदाताओं की वास्तविक संख्या और पुनरीक्षण अभियान के अंतिम परिणाम स्पष्ट हो सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Share