इजरायल-ईरान संघर्ष के बीच भारतीयों के लिए एडवाइजरी, ईरान छोड़ने की सलाह

0
america-attack-on-iran-agin.jpg

तेहरान/नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने सभी भारतीयों से फिलहाल ईरान की यात्रा से बचने और वहां मौजूद भारतीय नागरिकों को उपलब्ध परिवहन साधनों के माध्यम से जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी है।

भारतीय दूतावास ने जारी बयान में कहा कि क्षेत्र की मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए पहले जारी की गई सलाह को दोहराया जा रहा है। दूतावास ने कहा कि जो भारतीय नागरिक ईरान में मौजूद हैं, वे अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए देश से बाहर निकलने की व्यवस्था करें।

इस बीच, ईरानी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार तेहरान के मेहराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और पश्चिमी ईरान के केरमानशाह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अगली सूचना तक सभी उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। यह निर्णय इजरायल द्वारा तेहरान, इस्फहान और तबरीज समेत कई स्थानों पर किए गए हमलों के बाद लिया गया।

उधर, इजरायल और ईरान के बीच मिसाइल हमलों का सिलसिला लगातार जारी है। ईरान की ओर से दागे गए रॉकेटों ने यरूशलम, रामल्ला और डेड सी के आसपास के क्षेत्रों को निशाना बनाया। वहीं यमन के विद्रोही गुट ने भी इजरायल पर हमले की पुष्टि करते हुए जाफा क्षेत्र में संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है।

मेहर समाचार एजेंसी के मुताबिक, पश्चिमी शहर केरमानशाह के आसपास दुश्मन के संभावित हमलों को रोकने के लिए एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय कर दिया गया है। बढ़ते तनाव के चलते पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र में हाई अलर्ट की स्थिति बनी हुई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह संघर्ष और बढ़ता है तो इसका असर वैश्विक तेल आपूर्ति, अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात और क्षेत्रीय सुरक्षा पर पड़ सकता है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Share