उत्तराखंड: AIIMS ऋषिकेश की आउटसोर्स महिला कर्मचारी की गोली मारकर हत्या, हमलावर फरार

0
murder.jpg

ऋषिकेश : उत्तराखंड के ऋषिकेश में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। शिवाजी नगर की गली नंबर 16 में किराए के मकान में अकेली रह रही 32 वर्षीय प्रीति रावत की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में आउटसोर्स/संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत थीं।

पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 9:30 बजे की है। एक युवक बाइक से गली में पहुंचा और महिला के घर का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही प्रीति ने दरवाजा खोला, हमलावर ने जालीदार दरवाजे से पिस्टल सटाकर फायर कर दिया। गोली सीधे सीने में लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने गोली की आवाज सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम, कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। घटनास्थल को सील कर दिया गया और फोरेंसिक टीम ने नमूने एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेजा गया। प्रारंभिक जांच में मृतका मूल रूप से यमकेश्वर की निवासी बताई जा रही हैं। उनके 8 वर्षीय बेटे का रहना नाना-नानी के घर पर है।

एसपी ग्रामीण जया बलूनी सहित वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की निगरानी की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। एसओजी की मदद से आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हमलावर लक्सर क्षेत्र का निवासी हो सकता है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के बाद शिवाजी नगर इलाके में भय का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और किरायेदारों के सत्यापन को लेकर पुलिस पर सवाल उठाए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

You may have missed

Share